Home Haryana हरियाणा ने शहरी विकास को बढ़ावा देने के लिए जारी किए 1700...

हरियाणा ने शहरी विकास को बढ़ावा देने के लिए जारी किए 1700 करोड़

31
0

चंडीगढ़ |  हरियाणा सरकार ने राज्य के तेजी से विस्तार कर रहे शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को उन्नत करने के लिए एक अहम कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को सिविल सचिवालय, चंडीगढ़ में प्रेस ब्रीफिंग के दौरान बताया कि शहरी ढांचे को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विभिन्न महानगरीय विकास प्राधिकरणों और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSV P) को ईडीसी फंड से 1700 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।

प्रेस वार्ता के दौरान कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहरीकरण को चुनौती नहीं, बल्कि एक अवसर के रूप में देख रही है। उन्होंने बताया कि निवासियों को विश्वस्तरीय सड़कें, सुचारू जलापूर्ति, उन्नत सीवरेज सिस्टम और बेहतर परिवहन कनेक्टिविटी मुहैया कराना सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है।

बजट 2025-26 में बाहरी विकास कार्यों के लिए 3000 करोड़ रुपये आवंटित किए जाने की घोषणा पहले ही की जा चुकी है। यह फंड शहरी एस्टेट्स में आवश्यक इन्फ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ करने में उपयोग हो रहा है। वित्त वर्ष की शुरुआत में सरकार ने महानगरीय विकास प्राधिकरणों को 1500 करोड़ रुपये पहले ही जारी कर दिए थे। अब जारी किए गए 1700 करोड़ रुपये इन परियोजनाओं को और गति देंगे।

किस प्राधिकरण को कितना फंड मिला?

  • एचएसवीपी — 700 करोड़ रुपये
  • गुरुग्राम महानगरीय विकास प्राधिकरण — 700 करोड़ रुपये
  • फरीदाबाद विकास प्राधिकरण — 170 करोड़ रुपये
  • सोनीपत — 80 करोड़ रुपये
  • पंचकूला — 30 करोड़ रुपये
  • हिसार महानगरीय विकास प्राधिकरण — 20 करोड़ रुपये

यह फंडिंग शहरी गलियों से लेकर मुख्य सड़क नेटवर्क के विस्तार, नए ओवरहेड टैंकों के निर्माण, पाइपलाइन बिछाने, ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत करने और मास ट्रांसपोर्ट कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने जैसी परियोजनाओं पर खर्च की जाएगी।

मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि वर्ष 2024-25 में विभिन्न विकास प्राधिकरणों के लिए 2188 करोड़ रुपये जारी किए गए थे, जिनसे कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि ताज़ा फंडिंग से शहरों के विकास की रफ्तार कई गुना बढ़ेगी और हरियाणा के नगरीय इलाकों को एक नई, आधुनिक पहचान मिलेगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here