अंबाला (अकुंर कपूर): हरियाणा में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान बुधवार को शुरू हुआ। बता दें कि 9 जिलों में ब्लॉक समिति और जिला परिषद के लिए मतदान प्रक्रिया जारी है। इनके परिणाम 27 नवंबर को आएंगे। पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में आज अंबाला जिले की जिला परिषद की 15 और ब्लॉक समिति की 122 सीटों पर चुनाव हो रहा है। सुबह 10 बजे तक 18.6 प्रतिशत मतदान हुआ। 4 लाख 64 हजार 115 मतदाताओं में से 86,236 वोट डाल चुके हैं।
EVM मशीन बदलने पर हंगामा
अंबाला ब्लॉक-1 के अंतर्गत आने वाले गांव धुरकड़ा में EVM मशीन बदलने से ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे में चलते करीब एक घंटा मतदान प्रक्रिया प्रभावित रही। पुलिस प्रशासन द्वारा मामला शांत कराने के बाद मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से शुरू हुई। अभी तक अंबाला में शांतिप्रिय ढंग से मतदान हो रहा है। कई बूथ जो संवेदनशील थे उन पर भी अभी तक शांतिप्रिय ढंग से मतदान हो रहा है। मतदाताओं में वोटिंग को लेकर काफी जोश भी नजर आ रहा है। महिलाएं भी इसमे बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिले में किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना देखने को नहीं मिली।

जिला परिषद के चुनाव में वोटर बढ़-चढ़कर वोटिंग करने घर से निकले हैं। हालांकि सुबह देरी से लोग घर से बाहर निकले क्योंकि अंबाला में काफी धुंध नजर आई जिसके चलते पोलिंग बूथ पर वोटर देर से पहुंचे। लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ा वैसे-वैसे पोलिंग बूथ पर वोटरों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई। इनमें महिलाओं ने भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं अगर बात मुद्दों की करें तो गांव के वोटरों का साफ तौर पर कहना है कि गांव में पानी निकासी न होने के कारण काफी समस्या है और वह ऐसा प्रत्याशी चाहते हैं जो उनकी समस्या को हल करें और गांव का विकास करें। महिलाएं अपने छोटे-छोटे बच्चों को भी लेकर पोलिंग बूथ पर पहुंची और अपने मत का इस्तेमाल किया। अंबाला के कई बूथ संवेदनशील है और इस पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन की तरफ से पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बात करें अगर प्रतिशत की तो इन दोनों बूथों पर 22 और 27% मतदान हो चुका है।







