Home Haryana हरियाणा में ठंड तेज, आठ शहरों का पारा दस डिग्री से नीचे

हरियाणा में ठंड तेज, आठ शहरों का पारा दस डिग्री से नीचे

30
0

हिसार  | हरियाणा में सुबह और शाम के समय ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में स्पष्ट दिखाई दे रहा है, जिसके चलते सुबह और रात के वक्त लोगों को कड़ाके की ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि दिन में खिली धूप के कारण कुछ हद तक राहत बनी हुई है। वहीं बढ़ती नमी के कारण कई स्थानों पर सुबह-शाम हल्की धुंध भी दर्ज की जा रही है।

सीसीएसएचएयू हिसार के मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार राज्य का मौसम 23 नवंबर तक शुष्क और परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से समय–समय पर हल्के बादल छा सकते हैं। इसके चलते दिन के तापमान में मामूली गिरावट जबकि रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी जा सकती है। हवाएं भी हल्की गति से चलेंगी और उनका रुख बार-बार बदल सकता है।

उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण रात के पारे में लगभग 4.8 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। नारनौल में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। इसके बाद हिसार का पारा 8.4 डिग्री पर पहुंच गया।

मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से ठंड और बढ़ सकती है। हल्के बादलों की आवाजाही से औसत दिन तापमान में 1 से 2 डिग्री की और गिरावट संभव है। वहीं हरियाणा के आठ शहरों में तापमान अब भी 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here