हरियाणा में बढ़ी ठंड, अगले दो दिनों में और गिरेगा पारा
चंडीगढ़ | हरियाणा में सर्दी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सुबह और रात के समय ठंडक बढ़ गई है, जबकि अधिकतर जिलों में तापमान तेजी से नीचे आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार हिसार में सोमवार को न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है। यहां शीतलहर जैसे हालात भी बने रहे।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 21 नवंबर तक रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। इसी दौरान एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, हालांकि ठंड का असर बना रहेगा।
उत्तरी हरियाणा में हल्की धुंध और कोहरे की शुरुआत
वर्तमान में उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में सक्रिय कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के चलते वहां बर्फबारी जारी है। इसका असर हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली के मौसम पर भी देखने को मिल रहा है। मंगलवार को उत्तर-पश्चिमी हवाओं की जगह पूर्वोत्तर हवाएं चलने से रात का तापमान नीचे गया और दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखी गई।
हिसार समेत प्रदेश के 9 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रिकॉर्ड किया गया। वातावरण में नमी के कारण सुबह के समय उत्तरी जिलों में हल्का कोहरा और धुंध भी छाई रही।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 21 नवंबर को सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में कहीं-कहीं बादल छा सकते हैं और तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।
23 नवंबर के बाद प्रदेश में ठंड और बढ़ेगी। उत्तरी पर्वतीय इलाकों में जारी बर्फबारी और उत्तरी हवाओं के कारण दिन और रात का तापमान और गिर सकता है।
मुख्य शहरों का न्यूनतम तापमान
- हिसार: 6.3°C
- करनाल: 9.0°C
- रोहतक: 9.6°C
- सिरसा: 9.8°C
- जींद: 8.9°C
- कैथल: 9.1°C
- महेंद्रगढ़: 7.5°C
- सोनीपत: 8.7°C
- पानीपत: 9.8°C







