करनाल। नेशनल हाईवे पर अनाज मंडी के सामने स्थित फ्लाईओवर पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। यहां खराबी के कारण खड़ा किए गए कैंटर में तेज रफ्तार कार जा घुसी, जिससे कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कैंटर के आगे वाले पहिए में पंचर आने के बाद उसे फ्लाईओवर पर ही खड़ा कर दिया गया था। इसी दौरान पीछे से आ रही एक कार ने अचानक नियंत्रण खो दिया और सीधे कैंटर में जा भिड़ी।
पुलिस जांच अधिकारी ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब कार चालक बाइक सवार को बचाने की कोशिश कर रहा था। उसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वाहन सीधे कैंटर में जा टकराया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और कैंटर चालक से भी पूछताछ की जा रही है।







