बावल | जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) पर मंगलवार को एक ओवरलोड ट्रक में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा चादुवास फ्लाईओवर के पास उस समय हुआ, जब दिल्ली की ओर से जयपुर की दिशा में जा रहे ट्रक से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक में पशु चारा या मुर्गी के दाने लदे होने की संभावना है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही बावल थाना पुलिस, तीन एआरवी टीमें, दमकल विभाग की दो गाड़ियां, ट्रैफिक पुलिस और नेशनल हाईवे अथॉरिटी की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात डायवर्ट करना पड़ा। सौभाग्य से किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली।
इस बीच, ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ट्रक में लदा माल कहां से भरा गया था और उसका गंतव्य स्थल कौन-सा था।
खबर लिखे जाने तक आग लगने के वास्तविक कारणों और चालक की पहचान को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है। पुलिस और एनएचएआई की टीमें घटना की जांच में जुटी हुई हैं।







