Home Business/Education हरियाणा में टेस्ला फैक्ट्री की तैयारी, CM सैनी ने किया आमंत्रण

हरियाणा में टेस्ला फैक्ट्री की तैयारी, CM सैनी ने किया आमंत्रण

125
0

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को वैश्विक इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी टेस्ला को राज्य में अपना विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग को बढ़ावा देने और औद्योगिक निवेश आकर्षित करने के लिए हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री सैनी ने टेस्ला के प्रतिनिधियों को हरियाणा इलेक्ट्रिक वाहन नीति की प्रति सौंपते हुए बताया कि हरियाणा तेजी से इलेक्ट्रिक मोबिलिटी सेक्टर में अग्रणी राज्य के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि टेस्ला हरियाणा में अपनी विनिर्माण इकाई स्थापित करती है, तो इससे कंपनी की बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और साथ ही भारतीय उपभोक्ताओं के लिए टेस्ला के इलेक्ट्रिक वाहन अधिक किफायती और सुलभ बन जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि भारत का पहला एकीकृत टेस्ला सेंटर 27 नवंबर को गुरुग्राम में शुरू होने जा रहा है। इस सेंटर में एक्सपीरियंस जोन, डिलीवरी हब, सर्विस स्टेशन, ऑफिस स्पेस और सुपरचार्जिंग स्टेशन जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टेस्ला जैसी वैश्विक कंपनी के हरियाणा में निवेश करने से राज्य में औद्योगिक, तकनीकी और रोजगार के अवसरों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह साझेदारी हरियाणा को देश के अग्रणी ग्रीन मोबिलिटी हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here