Home Haryana 21 करोड़ का झोटा कुबेर बना आकर्षण का केंद्र, किसान ने बिक्री...

21 करोड़ का झोटा कुबेर बना आकर्षण का केंद्र, किसान ने बिक्री से किया इंकार

185
0

फतेहाबाद  | फतेहाबाद जिले के गांव नाढोड़ी के किसान विकास कुमार का मुर्रा नस्ल का झोटा ‘कुबेर’ राजस्थान के पुष्कर पशु मेले में इस समय चर्चा का मुख्य आकर्षण बन गया है। मेले में कुबेर की कीमत 21 करोड़ रुपये तक लगाई गई, लेकिन किसान विकास ने इसे बेचने से साफ इनकार कर दिया।

झोटा कुबेर ने अपनी शानदार कद-काठी और चमकदार काले रंग के दम पर मेले की चैंपियनशिप प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया। अब बुधवार को राजस्थान सरकार की ओर से कुबेर और उसके मालिक विकास कुमार को विशेष सम्मान से नवाजा जाएगा।

शुद्ध मुर्रा नस्ल का कुबेर, पांच फुट से अधिक ऊंचा

किसान विकास कुमार के अनुसार, कुबेर की उम्र साढ़े तीन साल है और यह पूरी तरह शुद्ध मुर्रा नस्ल का है। इसकी ऊंचाई साढ़े पांच फुट है। विकास ने शनिवार को झोटे को मेले में पेश किया था, जहां पहले दिन ही व्यापारियों ने 11 करोड़ रुपये की बोली लगाई। दो दिन बाद आंध्र प्रदेश के व्यापारियों ने यह कीमत बढ़ाकर 21 करोड़ रुपये तक पहुंचा दी, लेकिन विकास ने कुबेर को बेचने से मना कर दिया।

दूध देने वाली मां और खास देखभाल

विकास ने बताया कि कुबेर की मां ने एक समय में 23.5 लीटर दूध देकर जिला स्तर पर पुरस्कार जीता था। किसान रोजाना कुबेर को खल-बिनौला, चना, दूध और घी खिलाते हैं। विकास का कहना है कि, “कुबेर सिर्फ पशु नहीं, बल्कि मेरी मेहनत और पहचान का प्रतीक है।”

सीमन बैंक में रखेंगे कुबेर, नस्ल सुधार में बढ़ेगी मदद

विकास ने बताया कि वह कुबेर को बेचने की बजाय सीमन बैंक में रखने की योजना बना रहे हैं, ताकि इससे तैयार उच्च गुणवत्ता वाला सीमन अन्य किसानों को वाजिब दरों पर उपलब्ध कराया जा सके। इससे न सिर्फ उनकी अच्छी आय होगी, बल्कि मुर्रा नस्ल के सुधार को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि कुबेर की कीमत 21 करोड़ रुपये लगने के बाद हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कई किसान सीमन की बुकिंग के लिए लगातार संपर्क कर रहे हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here