भिवानी | हरियाणा की मंत्री श्रुति चौधरी के काफिले का मंगलवार को तोशाम क्षेत्र में दौरे के दौरान सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, काफिले में शामिल कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
हालांकि राहत की बात यह रही कि मंत्री श्रुति चौधरी पूरी तरह सुरक्षित हैं। हादसे के तुरंत बाद उन्होंने निर्धारित कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए आगे का सफर जारी रखा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा उस वक्त हुआ जब काफिला तोशाम के ग्रामीण इलाकों से गुजर रहा था। सड़क पर अचानक ब्रेक लगने से पीछे चल रही गाड़ियां एक-दूसरे से टकरा गईं।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। सभी क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाकर यातायात बहाल किया गया। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।







