गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम स्थित सेक्टर-56 में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 62 वर्षीय ज्योति वाधवा ने अपने घर की तीसरी मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी। घटना सुबह करीब छह बजे की है, जब परिवार के सदस्य नींद में थे। गिरने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचित किया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में पता चला है कि ज्योति वाधवा लंबे समय से स्टेज-4 कैंसर से पीड़ित थीं और बीमारी के कारण गहरे तनाव में थीं। परिवार के मुताबिक, मंगलवार तड़के वे चुपचाप कमरे से बाहर निकलीं और छत पर जाकर यह कदम उठा लिया।
घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। सेक्टर-56 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।
फोरेंसिक और सीसीटीवी जांच जारी
एफएसएल और फिंगरप्रिंट ब्यूरो की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेलिंग और फर्श से साक्ष्य जुटाए। सीसीटीवी फुटेज में महिला को अकेले छत की ओर जाते हुए देखा गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।







