चंडीगढ़। हरियाणा में मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने मंगलवार को पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर जिलों में बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। वहीं, विभाग का कहना है कि कल से राज्य में ठंड और बढ़ेगी।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और कई इलाकों में सुबह-शाम सर्द हवाएं महसूस होंगी। सोमवार शाम को भी राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी देखी गई थी।
विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के चलते आज कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, 6 से 9 नवंबर के बीच मौसम के खुश्क रहने की संभावना है।
बदलते मौसम के साथ हरियाणा में सर्दी का असर तेज होने की उम्मीद है। विशेषज्ञों ने लोगों को सुबह-शाम गर्म कपड़ों का इस्तेमाल शुरू करने की सलाह दी है।







