चंडीगढ़ | हरियाणा में जल्द ही मेडिकल एयर लिफ्ट सेवा शुरू होने की संभावना है। स्यांदान एविएशन प्राइवेट लिमिटेड ने राज्य सरकार के समक्ष एक प्रस्ताव रखा है, जिसके तहत आपातकालीन स्थिति में मरीजों को हेलिकॉप्टर के जरिए अस्पताल तक पहुंचाने की सेवा शुरू की जाएगी। खास बात यह है कि कंपनी इस प्रोजेक्ट को सामाजिक सेवा (Social Service) के रूप में शुरू करना चाहती है।
सरकार ने दिखाई रुचि, जल्द होगी अहम बैठक
हरियाणा सरकार ने कंपनी के इस प्रस्ताव में रुचि दिखाई है। अगले 10 दिनों के भीतर स्यांदान एविएशन और राज्य सरकार के बीच बैठक तय की गई है। यदि बातचीत सफल रहती है, तो यह योजना जल्द अमल में लाई जा सकती है। कंपनी ने सरकार को इस सेवा का डेमो दिखाया है और छह हेलीपैड बनाने का सुझाव दिया है। इनमें हिसार और गुरुग्राम को प्राथमिकता दी गई है ताकि राज्य के अधिकतर हिस्से को कवर किया जा सके।
दिल्ली में हुई प्रारंभिक चर्चा
स्यांदान एविएशन के सीईओ अभिनव सहाय ने बताया कि हाल ही में हरियाणा भवन, नई दिल्ली में सरकारी अधिकारियों के साथ प्रारंभिक चर्चा हुई थी। बैठक में कंपनी ने विस्तृत प्रस्ताव पेश किया, जिस पर सरकार ने आगे की प्रक्रिया के लिए सहमति जताई है।
सरकारी सहयोग जरूरी, मिलेगा मरीजों को त्वरित इलाज
कंपनी का कहना है कि सरकारी सहयोग के बिना इस सेवा को प्रभावी रूप से संचालित करना कठिन है। देश के कुछ राज्यों में इस तरह की सेवाएं घाटे के चलते बंद करनी पड़ी थीं। इसलिए स्यांदान एविएशन चाहती है कि सरकार इस परियोजना में सहयोग दे और इसे राज्य की एम्बुलेंस नेटवर्क सेवा से जोड़े।
प्रस्ताव के मुताबिक, सरकारी एम्बुलेंस मरीज को सीधे हेलीपैड तक पहुंचाएगी, जहां से हेलिकॉप्टर कुछ ही मिनटों में मरीज को बड़े अस्पताल या विशेष उपचार केंद्र तक ले जाएगा। सेवा के बदले कंपनी सरकार से आंशिक सब्सिडी की उम्मीद कर रही है।
छह सीटर हेलिकॉप्टर, साथ में डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ
प्रस्तावित हेलिकॉप्टर छह सीटर होगा, जिसमें एक पायलट, एक डॉक्टर और एक पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहेंगे। यह सेवा गंभीर बीमार, दुर्घटना पीड़ित या दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकती है।
दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में हुई एविएशन मीटिंग
विमानन सेवाओं के विस्तार को लेकर हाल ही में दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में एक अहम बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता राज्य की सिविल एविएशन विभाग की आयुक्त अमनीत पी. कुमार ने की। बैठक में विभिन्न एविएशन कंपनियों ने हवाई अड्डों के विकास, हैंगर लीज नीति, मेंटेनेंस और रिपेयर (MRO) सुविधाओं, हेलिकॉप्टर सेवाओं और मेडिकल एयर सर्विस को लेकर अपने प्रस्ताव प्रस्तुत किए।
धार्मिक मार्गों पर हेली सेवा का भी सुझाव
स्यांदान एविएशन ने बैठक में गुरुग्राम से सालासर और खाटूश्याम तक धार्मिक मार्गों पर हेली सेवा शुरू करने का प्रस्ताव भी रखा। साथ ही, आपातकालीन मेडिकल एयर लिफ्ट सेवा के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय करने की सिफारिश की गई है। अगले 10 दिनों में कंपनी और राज्य सरकार के बीच इस प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा होगी।







