Home Haryana हरियाणा में बढ़ने लगी ठंड, IMD ने 5 नवंबर के लिए बारिश...

हरियाणा में बढ़ने लगी ठंड, IMD ने 5 नवंबर के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया

119
0

चंडीगढ़ |  हरियाणा में मौसम ने करवट ले ली है और अब सर्दी धीरे-धीरे दस्तक दे रही है। सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों ने गर्म कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं। कई स्कूलों ने भी छात्रों को विंटर यूनिफॉर्म पहनने के निर्देश जारी कर दिए हैं। वहीं, गुरुग्राम की रात इस सीजन की सबसे ठंडी रही, जहां न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

5 नवंबर को बारिश की संभावना

भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, हरियाणा के मौसम में अगले कुछ दिनों में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। विभाग ने अनुमान जताया है कि 4 नवंबर की रात से मौसम बदलेगा, और 5 नवंबर को पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। बाकी जिलों में बादल छाए रहने के आसार हैं। इस बदलाव के चलते दिन का तापमान और नीचे जा सकता है, जिससे सर्दी का असर बढ़ेगा।

पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम

हिसार में रात का न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 1.4 डिग्री कम है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आज से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और राज्य में ठंड बढ़ेगी।

हल्की बूंदाबांदी और बादलों का असर

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण 4 नवंबर की रात से बादल छा सकते हैं और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है।

6 से 9 नवंबर तक रहेगा शुष्क मौसम

उन्होंने बताया कि 6 से 9 नवंबर के बीच मौसम फिर शुष्क रहेगा। इस दौरान उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिशा से हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलेंगी। दिन का तापमान थोड़ा बढ़ सकता है, लेकिन रातें और ठंडी होंगी। फिलहाल राज्य में रात का तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास है, जो आने वाले दिनों में और नीचे जा सकता है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here