Home Accident रोहतक में बड़ा हादसा, अचानक खुली कार खिड़की से मौत

रोहतक में बड़ा हादसा, अचानक खुली कार खिड़की से मौत

164
0

हरियाणा  |  हरियाणा के रोहतक जिले के उपमंडल क्षेत्र के गांव आसंडा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब सड़क किनारे खड़ी कार की अचानक खिड़की खुल गई और ऑटो में सवार युवक को जोरदार चोट लगी। हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, गांव आसंडा निवासी 36 वर्षीय विकास रविवार को अपने भतीजे वीरेंद्र के साथ ऑटो रिक्शा से सांपला की ओर जा रहा था। जब उनका ऑटो गांव आसंडा में शराब ठेके के पास पहुंचा, तो वहां सड़क किनारे एक क्रेटा कार खड़ी थी। जैसे ही ऑटो कार को पार करने लगा, तभी कार चालक ने अचानक खिड़की खोल दी। खिड़की सीधे विकास को लगी, जिससे वह ऑटो से नीचे गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।

घायल विकास को तुरंत सांपला के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में पीजीआईएमएस रोहतक रेफर किया गया। सोमवार को इलाज के दौरान विकास ने दम तोड़ दिया।

भतीजे वीरेंद्र ने बताया कि हादसे के बाद कार चालक ने अपना नाम कुलदीप निवासी भदानी बताया और कुछ देर बाद मौके से फरार हो गया। मृतक विकास पेशे से ट्रैक्टर चालक था और परिवार में सबसे बड़ा सदस्य था।

पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर कार चालक के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here