Home Haryana हरियाणा के तरुण ने दुबई में एआई नवाचार से रचा इतिहास

हरियाणा के तरुण ने दुबई में एआई नवाचार से रचा इतिहास

155
0

नारनौल |  हरियाणा के अटेली खंड के गांव सैदपुर के युवा तरुण ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिसने पूरे प्रदेश और देश का नाम रोशन कर दिया है। दुबई में आयोजित प्रतिष्ठित “गाइटेक्स ग्लोबल 2025” सम्मेलन में तरुण की एआई कंपनी ओमनीनेक्सयूस  ने अपनी अत्याधुनिक तकनीक और नवाचार के दम पर विशेष पहचान बनाई।

कंपनी को “गाइटेक्स एशिया 2026 टेक्नोलॉजिकल इनोवेशन अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया, जिससे वैश्विक मंच पर भारतीय तकनीकी नेतृत्व की छाप छोड़ी गई। अब ओमनीनेक्सयूस अप्रैल 2026 में सिंगापुर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में अपनी नई तकनीक और दृष्टि का प्रदर्शन करेगी।

तरुण का सफर बेहद प्रेरणादायक रहा है — सादगीपूर्ण परिवार से लेकर अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों तक। उनके पिता अशोक कुमार निजी स्कूल में शिक्षक हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। तरुण ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के सरकारी स्कूल से ली और लगातार हर परीक्षा में शीर्ष स्थान हासिल किया।

उच्च शिक्षा के बाद उन्होंने आधुनिक तकनीक और एआई को गहराई से समझने के लिए विभिन्न देशों की यात्रा की। वर्ष 2022 में उन्होंने अपना एआई स्टार्टअप शुरू किया, और 2023 में दुबई में अपनी कंपनी की स्थापना की। बाद में मलेशिया में इसकी साझेदारी फर्म की शुरुआत की। वर्तमान में तरुण दुबई स्थित “फ्यूचरवाइज” कंपनी के सीईओ और ओमनीनेक्सयूस के सह-संस्थापक एवं सीआईओ हैं।

ओमनीनेक्सयूस एक उन्नत एआई प्लेटफॉर्म है जो रीयल-टाइम डेटा विश्लेषण कर व्यवसायों को बाजार अनुसंधान, उपभोक्ता रुझान, ब्रांड प्रदर्शन और रणनीतिक निर्णयों में मदद करता है। यह केवल कंटेंट जनरेट करने वाला सिस्टम नहीं, बल्कि स्मार्ट बिजनेस असिस्टेंट के रूप में काम करता है।

तरुण का कहना है कि “भविष्य एआई और रोबोटिक्स का है,” और उनका लक्ष्य भारत को इस क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व दिलाना है। वे जल्द ही जयपुर में एआई और रोबोटिक्स कंपनी शुरू करने की योजना बना रहे हैं। दावा है कि उनका व्यवसाय अब 50 मिलियन डॉलर के स्तर तक पहुंच गया है।

तरुण के अनुसार — “शुरुआत गांव से हुई थी, लेकिन लक्ष्य पूरी दुनिया है। हमारा उद्देश्य ऐसी तकनीक बनाना है जो सुरक्षित, जिम्मेदार और भारत को आत्मनिर्भर बनाए।”

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here