गुरुग्राम | गुरुग्राम में साइबर अपराध का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अज्ञात साइबर अपराधी ने एक युवती के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर न केवल उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए, बल्कि इन्हें युवती के पिता को भी भेज दिया। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार ने साइबर थाना साउथ में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले उन्हें उनकी बेटी के नाम से बनाई गई एक संदिग्ध इंस्टाग्राम आईडी के बारे में जानकारी मिली। जब उन्होंने इस आईडी की जांच की, तो पाया कि उस पर युवती की अश्लील सामग्री अपलोड की गई है और आपत्तिजनक संदेश भी भेजे जा रहे हैं। आरोपी ने यह सामग्री परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के इरादे से युवती के पिता को भी भेजी।
पुलिस ने मामले में आईटी एक्ट की धारा 66C और संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। साइबर थाना साउथ पुलिस टीम ने फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।







