Home Haryana मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय रत्नावली महोत्सव में...

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय रत्नावली महोत्सव में की शिरकत

178
0
हरियाणा, 28 अक्टूबर ( TSN)- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का रत्नावली महोत्सव प्रदेश के गीत संगीत, कला, संस्कृति को लेकर युवा पीढ़ी को जोड़ने का एक अद्भुत संगम है। हरियाणा प्रदेश सदैव शाश्वत ज्ञान परम्परा, सम्पन्नता और योद्धाओं की वीरता का प्रमुख केन्द्र रहा है। वैदिक काल से ही इस प्रदेश की सांस्कृतिक सम्पन्नता के साक्ष्य उपलब्ध हैं। इस वैदिक काल की संस्कृति और संस्कारों को रत्नावली महोत्सव सहेजने का काम कर रहा है। हरियाणा की सांस्कृतिक विकास यात्रा में इस उत्सव की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित  चार दिवसीय राज्य स्तरीय रत्नावली महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इससे पहले मुख्यमंत्री, पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने शिल्प मेले का भी अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली सहित सभी त्योहारों की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा  कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, ज्ञान-विज्ञान, अनुसंधान, कौशल विकास, खेल, कला, संस्कृति सहित सभी क्षेत्रों में देश के अग्रणी विश्वविद्यालयों में से एक है। देश में ऐसे कम ही विश्वविद्यालय हैं जो शिक्षा के साथ-साथ अपने क्षेत्र व देश की संस्कृति को सहेजने का काम कर रहे हैं। रत्नावली महोत्सव हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का अनूठा प्रयास है।
हर वर्ष नई विधाओं से युवाओं को जोड़ने का प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 37 वर्षों से इस विश्वविद्यालय में रत्नावली महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। प्रदेश के गीत-संगीत, कला-संस्कृति को लेकर युवा पीढ़ी को जोड़ने का यह अद्भुत प्रयास है। हरियाणा की सांस्कृतिक विकास यात्रा में इस उत्सव की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। इस महोत्सव में हर वर्ष नई विधाओं से युवाओं को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। हरियाणवी लोक संस्कृति को पुनर्जीवित करने व युवा विद्यार्थियों में अपनी महान विरासत पर गर्व का भाव जगाने में रत्नावली महोत्सव अपनी सार्थक भूमिका निभा रहा है। साहित्य-संगीत व कला का यह अद्भुत संगम है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here