करनाल, 28 जनवरी –आम आदमी पार्टी के प्रमुख नेता अरविंद केजरीवाल द्वारा यमुना में पानी पर दिए गए बयान को लेकर प्रदेश में विरोध शुरू हो गया है। वहीं आज करनाल के भाजपा विधायक जगमोहन आनंद सहित भाजपा कार्यकर्ताओं व नेताओं ने करनाल में विरोध प्रदर्शन किया।जिले भर से कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय करण कमल में एकत्रित हुए। जिसके बाद तमाम भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाल्मीकि चौक पर पहुंच कर केजरीवाल व दिल्ली मुख्यमंत्री के पुतले दहन किये और रोष स्वरूप नारे लगाए।
करनाल के भाजपा विधायक जगमोहन आनंद ने कहा की आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल व आतिशी का आज पुतला फूंका गया है।उन्होंने कहा कि जब हरियाणा मुख्यमंत्री कल हरियाणा सरकार के 100 दिन का लेखाजोखा पेश कर रहे थे तो केजरीवाल ने मुख्यमंत्री नायब सैनी पर यमुना में जहर घोलने का आरोप लगाया । हम इस बयान की कड़ी निंदा करते है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल को अपनी जमीन खिसकती हुई नजर आ रही है क्योंकि हरियाणा के मुख्यमंत्री ने दिल्ली में स्टार प्रचारक के तौर पर अपनी एक जगह बनाई है। उनको रोकने के लिए इस प्रकार के आरोप लगाने शुरू कर दिए हैं। खुद दिल्ली सरकार यमुना में जहर घोल रही है।







