करनाल | कुंजपुरा मंडी में वीरवार देर रात दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश और पैसों के लेन-देन को लेकर झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चले, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घायल लोगों को कुंजपुरा अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि अस्पताल में भी दूसरे पक्ष ने हमला करने की कोशिश की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला पक्ष का आरोप
पीड़ित पक्ष का कहना है कि वे अपने चचेरे भाई आकाश के साथ मंडी में आढ़ती से पैसे लेने जा रहे थे। जैसे ही वे मंडी के गेट पर पहुंचे, कालू नामक व्यक्ति और उसके साथियों ने उन पर हमला किया। पीड़ित के मुताबिक, उनके चचेरे भाई को गंभीर चोटें आईं, जबकि उन्होंने भागकर अपनी जान बचाई। बाद में परिवार के साथ लौटकर घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।
पीड़ितों का आरोप है कि आरोपी उनके पीछे अस्पताल तक आए और दोबारा हमला करने की कोशिश की। इसके अलावा, आरोपित पक्ष पर सट्टेबाजी और पुरानी रंजिश के चलते हमला करने का आरोप भी लगाया गया। पीड़ित ने कहा कि आरोपित पक्ष ने झूठा मेडिकल रिपोर्ट बनवाया और पहले भी झूठी शिकायतें दर्ज करवाई हैं।
दूसरा पक्ष का जवाब
वहीं, दूसरे पक्ष ने आरोपों को पूरी तरह झूठा बताया। उनके अनुसार, वे अपने पिता के साथ सिलेंडर लेकर मंडी गेट से गुजर रहे थे कि पीछे से 10-12 लोग उन पर हमला कर दिया। कालू ने कहा कि पैसे का कोई मामला नहीं है और सट्टेबाजी के आरोप निराधार हैं। इस पक्ष ने दावा किया कि सामने वाले ने गैंग बनाकर उन्हें लगातार धमकियां दीं।
पुलिस का रुख
पुलिस ने झगड़े की जानकारी मिलने की पुष्टि की और कहा कि शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।







