हरियाणा (एकता): हरियाणा में महिलाओं, लड़कियों और बच्चियों ने हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने अपने देश के साथ-साथ प्रदेश का नाम भी रोशन किया है। उनमें से एक दंगल गर्ल के नाम से मशहूर गीता फोगाट देश की फेसम वूमेन रेसलर्स हैं। खास बात यह है कि अब गीता फोगाट ने फिर से कुश्ती मैट पर वापसी कर ली है। जिससे हर किसी में खुशी की लहर है।

मीडिया सूत्रों के अनुसार हरियाणा पुलिस की DSP गीता फोगाट एक बार फिर कुश्ती की मैट पर वापसी करने जा रही हैं। गीता इस महीने होने वाली अखिल भारतीय पुलिस गेम्स से कुश्ती मैट पर दंगल करेगी। वहीं दूसरी तरफ गीता फोगाट साढ़े 3 साल के बेटे की मां भी है। गीता कनाडा में होने वाले विश्व पुलिस खेल प्रतियोगिता में जाने की तैयारी में है। इसके बाद वह ट्रायल के माध्यम से पेरिस ओलिंपिक की टीम में जगह बनाएगी।

बता दें कि दंगल गर्ल गीता ने साल 2010 के दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में गोल्ड जीता था। गौरतलब है कि 2 साल पहले भी राष्ट्रीय चैंपियनशिप के जरिए उन्होंने वापसी करने की सोची लेकिन चोट लगने की वजह से वह नहीं आ पाई। वहीं पुलिस ट्रेनिंग के दौरान वह पूरी तरह फिट हो गई। एक बार फिर गीता ओलिंपिक में खेलने के लिए तैयार है। काफी लंबे समय के बाद उन्होंने अपना मन बनाया। उनके पति पहलवान पवन सरोहा ने उन्हें इसके लिए हौसला दिया। इतना ही नहीं गीता को इस दंगल में वापसी के लिए काफी प्रेरित किया।








