Home Haryana सिरसा: एक्सिस बैंक की मुख्य शाखा में लगी आग, दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक...

सिरसा: एक्सिस बैंक की मुख्य शाखा में लगी आग, दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख

191
0

सिरसा | हरियाणा के सिरसा शहर में सोमवार सुबह एक्सिस बैंक की मुख्य शाखा में आग लगने की घटना सामने आई है। आग से बैंक के अंदर मौजूद कंप्यूटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, फर्नीचर और महत्वपूर्ण कागजी दस्तावेज पूरी तरह से जल गए। हालांकि, बैंक में रखे नकद की स्थिति को लेकर फिलहाल स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। इसकी पुष्टि बैंक अधिकारियों के पहुंचने के बाद ही हो सकेगी।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का संभावित कारण बिजली की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग लगने के बाद पूरे परिसर में धुआं फैल गया, जिससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

सुरक्षा गार्ड की सतर्कता से लगी आग की जानकारी

एक निजी मॉल में तैनात सुरक्षा गार्ड जगजीवन सिंह ने बताया कि सुबह करीब 5 बजे के आसपास अलार्म बजा और उन्होंने देखा कि बैंक से धुआं निकल रहा है। इसके बाद उन्होंने तुरंत सिटी थाना पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। उन्होंने बताया कि अंदर से पटाखों जैसी आवाजें भी आ रही थीं।

दमकल विभाग की देर से पहुंचने पर सवाल

मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने बताया कि सूचना मिलने के बाद टीम थोड़ी देरी से पहुंची। जब वे मौके पर पहुंचे तो बैंक का शटर लॉक था, जिसे तोड़कर आग पर काबू पाया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here