कैथल | अमेरिका में एक भीषण सड़क हादसे में हरियाणा के दो युवकों की जान चली गई। मृतकों की पहचान कैथल जिले के पूंडरी हलके के गांव सिरसल निवासी रोमी और करनाल जिले के कोयर गांव निवासी विशाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक एक ही कार में यात्रा कर रहे थे, जब यह हादसा हुआ।
जानकारी के अनुसार, रोमी दो साल पहले टूरिस्ट वीजा पर कनाडा गया था और बाद में अमेरिका जाकर ट्रक ड्राइविंग का कार्य करने लगा। हादसे की रात वह अपने मित्र विशाल के साथ कार से कहीं जा रहा था। इसी दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वह पलटते हुए गलत दिशा से आ रहे एक ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में आग लग गई और दोनों युवक झुलसकर मौके पर ही दम तोड़ बैठे।
रोमी अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था, जिसमें माता-पिता और एक भाई शामिल हैं। वहीं, विशाल भी अपने परिवार का इकलौता बेटा था, उसकी एक बहन है। इस दुर्घटना की खबर जैसे ही गांवों में पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया और गांवों का माहौल शोकाकुल हो गया।
अब दोनों शवों को स्वदेश लाने की प्रक्रिया शुरू की गई है, और परिजन सरकार व संबंधित एजेंसियों से मदद की गुहार लगा रहे हैं।







