Home Haryana 13 साल का रिकॉर्ड टूटा, सितंबर की रातें सबसे गर्म

13 साल का रिकॉर्ड टूटा, सितंबर की रातें सबसे गर्म

84
0

हिसार |   इस बार सितंबर का महीना मौसम के लिहाज से असामान्य रहा। दिन का तापमान सामान्य से नीचे दर्ज हुआ, लेकिन रातें पिछले 13 सालों में सबसे ज्यादा गर्म रही। वहीं, बारिश भी सामान्य से करीब 70 प्रतिशत अधिक हुई। पूरे महीने औसतन 77.2 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, जबकि इस साल 129.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो पिछले तीन वर्षों में सबसे ज्यादा है।

मौसम विभाग के अनुसार सितंबर की शुरुआत में अच्छी बारिश हुई, लेकिन 10 सितंबर के बाद बारिश में कमी आ गई। हालांकि महीने के आखिरी दिनों में कुछ जिलों में बूंदाबांदी दर्ज की गई।

रिकॉर्ड के मुताबिक अंबाला में सितंबर का औसत न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री रहा, जो अब तक का सबसे ज्यादा है। इससे पहले 2017 में यह 24.1 डिग्री दर्ज किया गया था। इसी तरह हिसार में औसत न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि 2015 में यह 22.8 डिग्री था। करनाल में भी इस बार औसत तापमान 24.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक मानसून के बाद आमतौर पर नमी कम हो जाती है और तापमान में मामूली बढ़ोतरी होती है, लेकिन इस बार पूर्वी हवाओं के कारण रात के तापमान में असामान्य वृद्धि दर्ज की गई।

अब 5 अक्टूबर से सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के असर से हरियाणा समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके बाद तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here