सिरसा | हरियाणा सरकार युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में 17 जून को सिरसा जिला रोजगार कार्यालय में एक विशेष रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगा।
एलआईसी और पुखराज हेल्थकेयर लिमिटेड लेंगी भाग
इस रोजगार मेले में एलआईसी और पुखराज हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड सिरसा की ओर से विभिन्न पदों के लिए उम्मीदवारों का चयन मौके पर ही किया जाएगा। यह जानकारी जिला रोजगार कार्यालय की आंकड़ा सहायक पूनम रानी ने दी।
योग्यता व दस्तावेज जरूरी
रोजगार मेले में भाग लेने वाले उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं या स्नातक (BA) होनी चाहिए। आयु सीमा 18 से 25 वर्ष निर्धारित की गई है और केवल अविवाहित उम्मीदवार ही पात्र होंगे। उम्मीदवारों को अपने साथ मूल प्रमाण पत्र, उनकी फोटोकॉपी, रिहायशी प्रमाण पत्र, रोजगार कार्यालय का पंजीकरण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, रिज़्यूमे और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा।
पंजीकरण आवश्यक
मेले में भाग लेने के लिए उम्मीदवार का नाम रोजगार कार्यालय में पंजीकृत होना अनिवार्य है। जिनका पंजीकरण नहीं हुआ है, वे पहले पंजीकरण करवा सकते हैं और पंजीकरण पत्र के साथ मेले में आ सकते हैं।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक उम्मीदवार जिला रोजगार कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं या 01666-247443 पर कॉल कर सकते हैं।







