चंडीगढ़ | हरियाणा में मानसून की वापसी के साथ तापमान लगातार बढ़ने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया है।
पिछले 24 घंटों में हिसार का न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 37.1 डिग्री सेल्सियस रहा। औसतन प्रदेश में दिन का तापमान 34 से 37 डिग्री और रात का तापमान 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले 24 घंटों में हरियाणा और पंजाब के कई इलाकों से दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह लौट सकता है। आने वाले दिनों में आसमान साफ रहेगा और बारिश की संभावना बेहद कम है। दिन के समय हल्की से मध्यम रफ्तार की हवाएं चलेंगी, जबकि रात को हवाओं की गति घटकर 15 किमी प्रतिघंटा से कम हो सकती है।
आईएमडी का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास या उससे 1-2 डिग्री कम रह सकता है। न्यूनतम तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून की विदाई के बाद राज्य में आर्द्रता घटेगी और मौसम शुष्क हो जाएगा। यह समय किसानों के लिए खरीफ फसलों की कटाई के लिहाज से अनुकूल माना जा रहा है।
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि अभी दिन में गर्मी बनी रहेगी, लेकिन अगले चार दिनों बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी। इस बार प्रदेश में सामान्य से 38 फीसदी अधिक बारिश दर्ज हुई है। सबसे कम बारिश सिरसा में रही, जहां 346.6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।







