यमुनानगर,परवेज़ खान-:यमुनानगर जिले के टोडरपुर गांव में उस समय ग्रामीणों के बीच हड़कंप मच गया, जब खेतों में करीब 15 फीट लंबा विशाल अजगर दिखाई दिया। अजगर ने एक बंदर को अपना शिकार बनाया था और उसे पूरी तरह निगलने के बाद खेत में ही पड़ा हुआ था। विशालकाय सांप को देखकर किसानों के होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।बताया जा रहा है कि कुछ किसान खेतों की ओर हरा चारा लेने के लिए गए थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत में पड़े एक बड़े अजगर पर पड़ी। पहले तो किसानों ने दूर से ही उसे देखा, लेकिन जब उन्होंने सावधानी से पास जाकर स्थिति को समझने की कोशिश की तो पता चला कि अजगर ने एक बंदर को निगल लिया है। शिकार को निगलने के बाद अजगर काफी सुस्त नजर आ रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत वन्य जीव विभाग को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मोहित के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। विशाल अजगर को काबू में करना टीम के लिए आसान नहीं था। काफी मशक्कत और पूरी सावधानी के बाद वन्य जीव विभाग की टीम ने अजगर को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया।रेस्क्यू के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई देखते नजर आए। अजगर को पकड़ने के बाद टीम उसे आबादी वाले इलाके से दूर ले गई और जंगल में सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया।अजगर के रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन्य जीव विभाग ने लोगों से अपील की है कि खेतों या रिहायशी इलाकों के आसपास कोई जंगली जीव दिखाई देने पर उससे दूरी बनाए रखें और उसे खुद पकड़ने या परेशान करने की कोशिश न करें। ऐसे मामलों में तुरंत वन विभाग को सूचना दें।







