गन्नौर | दिल्ली-पानीपत रेल लाइन पर अगवानपुर फाटक के पास मंगलवार शाम बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बंद फाटक पार करने की कोशिश कर रहे एक बाइक सवार की गाड़ी वंदे भारत ट्रेन से टकरा गई और ट्रेन के अगले हिस्से में फंस गई। हादसे के बाद ट्रेन करीब 20 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही।
सूचना मिलते ही जीआरपी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद बाइक को ट्रेन से अलग कर यात्रा दोबारा शुरू कराई। सौभाग्य से युवक समय रहते बाइक छोड़कर कूद गया और उसकी जान बच गई। हालांकि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि अगवानपुर फाटक लंबे समय से बंद है और यहां आरओबी निर्माण कार्य चल रहा है। इसके बावजूद कई दुपहिया चालक जोखिम उठाकर ट्रैक पार करते हैं, जिससे लगातार हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा इंतजाम कड़े करने और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब 6 बजे एक युवक बाइक से फाटक पार करने की कोशिश कर रहा था। तभी दिल्ली की ओर से तेज रफ्तार में आ रही वंदे भारत ट्रेन को देखकर उसने बाइक छोड़कर छलांग लगा दी। ट्रेन चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन ट्रेन ने बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटा।
घटना के बाद यात्रियों में हड़कंप मच गया। बाइक चालक मौके से फरार हो गया, जबकि जीआरपी ने क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया। जीआरपी चौकी इंचार्ज नरेश कुमारी ने बताया कि अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बाइक के नंबर के आधार पर उसकी पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।







