हिसार | शहर में ट्रैफिक जाम से राहत देने के लिए जिला प्रशासन और रोडवेज ने नया कदम उठाया है। अब हिसार बस स्टैंड के पिछले गेट से सिरसा और चंडीगढ़ रूट की बसें चलेंगी। पहले फेज में 600 बसों का संचालन किया जाएगा, जबकि दूसरे फेज में 600 और बसें इसी रूट पर चलाई जाएंगी।
रोडवेज महाप्रबंधक राहुल मित्तल के अनुसार, पिछले गेट से बसें चलने पर सिरसा रूट 4 किलोमीटर और चंडीगढ़ रूट 6 किलोमीटर लंबा हो जाएगा। इसके चलते किराया भी बढ़ाया गया है। सिरसा रूट पर अब यात्रियों को 4 रुपये और चंडीगढ़ रूट पर 6 रुपये अधिक चुकाने होंगे।
भविष्य में दिल्ली, पानीपत और जींद की बसें भी पिछले गेट से चलाई जाएंगी, जिससे शहर के अंदर यातायात का दबाव कम होगा।
किराया बदलाव की लिस्ट:
- हिसार–सिरसा: ₹105 → ₹110
- हिसार–सिरसा (AC): ₹315 → ₹325
- हिसार–उकलाना: ₹60 → ₹65
- हिसार–फतेहाबाद: ₹50 → ₹55
- हिसार–अग्रोहा: ₹25 → ₹30
- हिसार–बरवाला: ₹45 → ₹50
- हिसार–आदमपुर: ₹45 → ₹50
बस स्टैंड से संचालित होने वाले रूट में सिरसा, चंडीगढ़, शिमला, पॉटासाहिब, गंगानगर, बठिंडा, हनुमानगढ़, डबवाली, फतेहाबाद, अनूपगढ़, बालसमंद, भादरा, खारिया, डोबी, सरसाना, बासड़ा, बुड़ाक, बगला, काबरेल और आदमपुर शामिल हैं।
हिसार डिपो में कुल 262 बसें चलती हैं, जिनमें बड़ी संख्या लंबी दूरी के रूट पर जाती है, जबकि बाकी लोकल और ग्रामीण रूट पर चलती हैं।
करीब 20 दिन पहले PWD मंत्री रणबीर गंगवा की अध्यक्षता में जिला प्रशासन और रोडवेज अधिकारियों की बैठक हुई थी। इसमें पिछले गेट से बसें चलाने का निर्णय लिया गया और अब मुख्यालय से इसे मंजूरी मिल गई है।







