Palwal, 31 August-खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने रविवार को पलवल की न्यू कॉलोनी स्थित वृंदा अपार्टमेंट में कार्यकर्ताओं संग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुना। इस दौरान जिला अध्यक्ष विपिन बैसला सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
खेल राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम देश को नई दिशा देता है। पीएम ने युवाओं को खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया और खिलाड़ियों की सराहना की। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत अभियान पर बल देते हुए देशवासियों से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की अपील की।
गौरव गौतम ने कहा कि पुलवामा में हाल ही हुए क्रिकेट मैच का जिक्र कर पीएम मोदी ने साफ संदेश दिया कि आतंकवाद को भारत मुंहतोड़ जवाब देगा। उन्होंने कहा कि बदलते भारत की यही पहचान है—समृद्ध भारत, सशक्त भारत, जो आतंकियों के घर में घुसकर करारा जवाब देता है।
घुसपैठ पर कड़ा रुख अपनाते हुए खेल राज्यमंत्री ने कहा कि पलवल में एक भी रोहिंग्या मुसलमान या बांग्लादेशी घुसपैठिया नहीं रहेगा।उन्होंने बताया कि पिछले सप्ताह जिला पुलिस द्वारा 150 से अधिक बांग्लादेशियों को पकड़ा गया और उन्हें वापस भेजा गया है।कांग्रेस पर निशाना साधते हुए गौतम ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस के नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री की माता पर अभद्र टिप्पणी करना कांग्रेस की घटिया और ओछी राजनीति का उदाहरण है। कांग्रेस पार्टी झूठ की राजनीति करती आई है और यही कारण है कि जनता का भरोसा अब भाजपा पर है.







