Home Ambala CM मनोहर लाल की बड़ी घोषणा, साल 2047 तक विकास में हरियाणा...

CM मनोहर लाल की बड़ी घोषणा, साल 2047 तक विकास में हरियाणा होगा देश में सर्वोच्च

198
0

अंबाला (एकता): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है साल 2047 तक हरियाणा राज्य पूरे देश में विकास के मामले में सर्वोच्च स्थान पर होगा। मीडिया सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने मंगलवार को फतेहाबाद की पुलिस लाइन में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रदेश के मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इसके साथ ही राष्ट्रगान की धुन के साथ ध्वजारोहण किया।

उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए अपना संदेश दिया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने लघु सचिवालय के समीप स्थित शहीदी स्मारक पर वीर शहीदों को पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया। परेड का नेतृत्व एएसपी भिवानी लोगेश सिंह ने किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के वीरों ने भी आजादी के आंदोलन में बढ़-चढ़ कर भाग लिया था। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भी वर्ष 1962, 1965 व 1971 के विदेशी आक्रमणों और आप्रेशन कारगिल युद्ध के दौरान वीरता की नई मिसाल पेश की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी का यह पावन पर्व उपलब्धियों का जश्न मनाने का दिन भी है। हाल ही में हमारा चन्द्रयान-3 चांद की कक्षा में प्रवेश कर चुका है और आज से एक सप्ताह बाद चांद पर उतरेगा। जम्मू एवं कश्मीर से अनुच्छेद-370 व धारा 35-ए को हटाकर कश्मीर से कन्याकुमारी तक अखंड भारत का सपना साकार किया है। इस महोत्सव के समापन पर इस बार प्रधानमंत्री ने मेरी माटी-मेरा देश अभियान चलाया है। गत 9 अगस्त को भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ पर शुरू किये गए इस अभियान में देश के हर गांव व हर शहर की मिट्टी एकत्रित की जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के बंटवारे को 20वीं शताब्दी की सबसे बड़ी त्रासदी बताते हुए उसके पीडि़तों की याद में 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाना शुरू किया है। वन रैंक-वन पेंशन की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करके वीर सैनिकों का मनोबल बढ़ाया है। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू कर 21वीं सदी का आत्मनिर्भर भारत बनाने का मार्ग प्रशस्त किया है, हरियाणा में हमारी सरकार ने वर्ष 2025 तक ही इस नई नीति को पूर्ण रूप से लागू करने का लक्ष्य रखा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here