फरीदाबाद | फरीदाबाद की सालों पुरानी सीवरेज समस्या का अब जल्द ही समाधान होने जा रहा है। सूरजकुंड पार्किंग की जमीन पर 12 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) बनाने की मंजूरी मिल गई है। नगर निगम के अनुसार, इस परियोजना का कार्य जल्द शुरू होगा और इसके पूरा होते ही बड़खल क्षेत्र के साथ-साथ शिवदुर्गा विहार, लक्कड़पुर और दयालबाग की बड़ी आबादी को राहत मिलेगी।
नगर निगम की महापौर प्रवीण जोशी ने बताया कि इस एसटीपी से न केवल सीवरेज समस्या का स्थायी हल निकलेगा, बल्कि जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। लगभग 1.4 हेक्टेयर भूमि पर बनने वाले इस प्लांट से प्राप्त जल का उपयोग जमीन रिचार्ज, ग्रीन बेल्ट की सिंचाई, राजहंस होटल और सूरजकुंड मेले के दौरान छिड़काव जैसे कार्यों में किया जाएगा।
प्रशासन का मानना है कि इस परियोजना से क्षेत्र में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को नया आयाम मिलेगा, साथ ही लंबे समय से जूझ रहे हजारों लोगों को राहत पहुंचेगी।







