चंडीगढ़ | हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने वर्ष 2025-26 के लिए किसानों से आर.के.वी.आई. योजना के फसल अवशेष प्रबंधन घटक के तहत व्यक्तिगत श्रेणी में कृषि यंत्रों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। किसान इन यंत्रों पर 50% अनुदान का लाभ उठा सकते हैं।
इस योजना के तहत स्ट्रा-बेलर, हे-रेक, एस.एम.एस., हेप्पी सीडर, स्मार्ट सीडर, स्ट्रा-चॉपर, मल्चर, शर्ब मास्टर, रोटरी स्लेशर, रिवर्सिबल एम.बी. प्लो, जीरो ड्रिल, सुपर सीडर, सरफेस सीडर, ट्रैक्टर माउंटेड लोडर (बिना ट्रैक्टर), ट्रैक्टर ड्रॉन टैडर मशीन, कॉप-रीपर सहित कई आधुनिक कृषि उपकरण शामिल हैं।
किसान विभागीय पोर्टल agriharyana.gov.in पर 20 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विभाग के प्रवक्ता के अनुसार, जिस यंत्र के लिए आवेदन किया जा रहा है, उस पर आवेदक किसान ने पिछले 3 वर्षों में किसी भी योजना के तहत सब्सिडी नहीं ली हो। एक किसान अधिकतम 4 विभिन्न प्रकार के यंत्रों के लिए आवेदन कर सकता है, लेकिन अनुदान का लाभ केवल एक ही यंत्र पर मिलेगा।







