पानीपत | जिले के सिविल अस्पताल की 5वीं मंजिल पर गुरुवार शाम बड़ा हादसा टल गया। ऑपरेशन थिएटर के बाहर स्थित रिकवरी रूम में अचानक एसी का कंप्रेशर धमाके के साथ फट गया और उसमें आग लग गई। देखते ही देखते पूरे फ्लोर पर धुआं फैल गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल के फायरमैन ने तुरंत पांच सिलेंडर से आग बुझाकर हालात काबू में किए।
घटना के समय वहां 11 लोग मौजूद थे, जिनमें एक महिला की डिलीवरी ऑपरेशन भी चल रही थी। खतरे को देखते हुए ऑपरेशन बीच में रोककर मरीज को सुरक्षित बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। अस्पताल प्रशासन और अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।







