हरियाणा | हरियाणा में मौसम फिर करवट लेने वाला है। आज प्रदेश के 15 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है, जिनमें पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार पलवल और नूंह में तेज बारिश होने के आसार हैं, जबकि बाकी जिलों में हल्की बारिश की संभावना है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक 10 अगस्त के बाद से प्रदेश में एक बार फिर से मूसलाधार बारिश का दौर शुरू होगा। इस बार हरियाणा में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा बारिश यमुनानगर में 627.3 एमएम हुई है, जबकि कैथल में 151 एमएम और जींद में 155.9 एमएम सबसे कम वर्षा हुई। अब तक यमुनानगर, रेवाड़ी, नूंह और महेंद्रगढ़—इन चार जिलों में 400 एमएम से ज्यादा बारिश दर्ज की जा चुकी है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 8 और 9 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी होगी, लेकिन 10 अगस्त से मानसून पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा। इससे तापमान में गिरावट आने और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
हालांकि, कई जगहों पर बारिश नुकसान भी पहुंचा रही है। पहाड़ी इलाकों और पंचकूला में भारी वर्षा के कारण घग्गर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को नदी के आसपास न जाने की सख्त हिदायत दी है।







