रोहतक | हरियाणा में रोडवेज बस से सफर करने वाले यात्रियों को अब जेब पर ज्यादा खर्च करना पड़ेगा। चांदी टोल प्लाजा के शुरू होने के बाद रोडवेज ने बस किराए में 10 रुपए की बढ़ोतरी कर दी है। यह बदलाव जींद सहित झज्जर, फरीदाबाद, पलवल, बहादुरगढ़, गुड़गांव और दादरी तक जाने वाली सभी बसों पर लागू होगा।
हाईवे अथॉरिटी ने चांदी टोल प्लाजा से वसूली शुरू कर दी है। इसमें व्यवसायिक वाहनों के लिए मासिक पास की दर 350 रुपए तय की गई है। परिवहन विभाग ने यह टोल अपने स्तर पर वहन करने के बजाय यात्रियों पर डाल दिया है। नतीजतन, रोजाना रोडवेज बस से सफर करने वाले लगभग 4 हजार यात्रियों को अब अतिरिक्त किराया देना पड़ेगा।
जींद का किराया अब 80 रुपए
रोडवेज डिपो के अनुसार, जींद तक का किराया पहले 70 रुपए था, जिसे अब 80 रुपए कर दिया गया है। डिपो इंचार्ज हंसराज ने बताया कि टोल लागू होते ही यह बढ़ोतरी की गई है। किराए में यह इजाफा सभी संबंधित रूटों पर प्रभावी हो गया है।







