चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राज्य में अगले दो दिन यानी आज और कल बारिश की गतिविधियां कमजोर रहेंगी। मौसम विभाग के मुताबिक, आज प्रदेश के 14 जिलों में आसमान पूरी तरह साफ रहने की संभावना है। वहीं, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत और सोनीपत में हल्की बारिश हो सकती है।
27 जुलाई से दोबारा बरसेगा पानी
भारतीय मौसम विभाग ने बताया है कि 27 जुलाई से मानसून फिर से सक्रिय होगा, जिससे हरियाणा के कई हिस्सों में दोबारा बारिश शुरू हो सकती है। इसी दिन के लिए पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और सोनीपत में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
अब तक सामान्य से 23% ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 24 जुलाई तक राज्य में औसतन 170.3 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक 208.8 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। यानी राज्य में 23% अधिक बारिश हुई है।
किस जिले में कितनी बारिश?
अब तक सबसे ज्यादा बारिश यमुनानगर में 472.3 मिमी रिकॉर्ड की गई है। वहीं सबसे कम बारिश कैथल जिले में हुई है।







