रोहतक | जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसने लोगों को दहला दिया है। पीजीआईएमएस रोहतक के फोर्थ क्लास क्वार्टर के पीछे, दिल्ली रेलवे लाइन के पास पुलिस को अर्धजले मानव अंगों के टुकड़े बरामद हुए हैं। शुरुआती जांच में यह मामला हत्या कर शव को जलाकर टुकड़े-टुकड़े करने का प्रतीत होता है।
बच्चों ने देखी दिल दहला देने वाली तस्वीर
स्थानीय कॉलोनी में रहने वाले बच्चों ने सबसे पहले इन टुकड़ों को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। GRP और लोकल पुलिस मौके पर पहुंची और अंगों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। अधिकारियों का कहना है कि यह किसी महिला के शरीर के हिस्से लगते हैं, जिन्हें संभवतः केमिकल डालकर जलाने की कोशिश की गई है।
किसी जानवर की राख या जलने के कोई पारंपरिक निशान नहीं मिले
घटनास्थल पर न तो राख, न ही लकड़ी जलने के कोई संकेत मिले हैं, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि केमिकल या किसी अन्य तरीके से जलाने का प्रयास किया गया है। मौके से एक हाथ और पेट के कुछ हिस्से बरामद किए गए हैं।
फॉरेंसिक टीम और पुलिस जुटी जांच में
फिलहाल फॉरेंसिक टीम सबूत इकट्ठा कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस मामले को हत्या और शव के साथ छेड़छाड़ के तौर पर देख रही है।







