हरियाणा | हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। प्रदेश के सरकारी अस्पतालों को 137 नए चिकित्सा अधिकारी मिल गए हैं, जिससे मरीजों को अब इलाज के लिए लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को इन सभी डॉक्टरों की नियुक्ति सूची जारी कर दी है। अब यह डॉक्टर जल्द ही अपने-अपने आवंटित स्टेशनों पर ज्वाइन कर सकेंगे।
नियुक्ति पत्र भेजे जा रहे सिविल सर्जनों को
स्वास्थ्य विभाग की ओर से इन चिकित्सकों के नियुक्ति पत्र सभी संबंधित सिविल सर्जनों को डाक से भेजे जा रहे हैं। वहां से नए डॉक्टर अपना नियुक्ति पत्र प्राप्त कर सकेंगे। बता दें कि इससे पहले चरण में 561 चिकित्सा अधिकारियों की ड्यूटी पहले ही तय की जा चुकी है।
तीन महीने से इंतजार में थे चयनित डॉक्टर
इन 137 डॉक्टरों ने 21 अप्रैल 2025 को दस्तावेज सत्यापन में भाग लिया था और तब से स्टेशन आवंटन का इंतजार कर रहे थे। गौरतलब है कि प्रदेश में 777 खाली पदों के लिए 2024 में भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी। परीक्षा 1 दिसंबर 2024 को आयोजित की गई थी और परिणाम 15 फरवरी 2025 को घोषित हुआ था।
अब तीसरे चरण की तैयारी
अब भर्ती के तीसरे चरण की प्रक्रिया भी शुरू हो रही है। तीसरे चरण में चयनित 58 डॉक्टरों के दस्तावेजों का सत्यापन 21 जुलाई को पंचकूला में किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने सभी को मुख्यालय में सुबह 10 बजे रिपोर्ट करने के निर्देश दिए हैं।
सरकारी अस्पतालों में जल्द दिखेगा असर
नई नियुक्तियों से प्रदेश के अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में इलाज की सुविधा बेहतर होगी।







