सोनीपत। गांव भटगांव के पास युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे दो सगे भाइयों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस और आरोपियों के बीच हुई फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है। घायल आरोपियों को खानपुर स्थित भगत फूल सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या की वजह पुरानी रंजिश थी।
जानकारी के अनुसार गांव भटगांव निवासी नवीन ने सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका भाई बिट्टू (26) अपने साथी सागर के साथ फैक्टरी से बाइक पर गांव लौट रहा था। जब दोनों लुहारी टिब्बा रोड के पास पहुंचे तो गांव के मोहित और उसके भाई प्रिंस बाइक पर वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने पहले बिट्टू और सागर की आंखों में मिर्च पाउडर फेंका और फिर बिट्टू पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली बिट्टू के हाथ और सिर में लगी। हमले के दौरान सागर किसी तरह मौके से जान बचाकर भाग निकला।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि गंभीर रूप से घायल बिट्टू को खानपुर स्थित भगत फूल सिंह महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी क्राइम नरेंद्र कादियान ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच पुलिस टीमों का गठन किया था। रविवार सुबह सीआईए-1 प्रभारी राजीव की टीम को सूचना मिली कि आरोपी गांव जाजी पावर हाउस के पास से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर दी।
पुलिस टीम ने जब दोनों आरोपियों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपियों की ओर से करीब तीन राउंड फायर किए गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपी सगे भाई मोहित और प्रिंस पैर में गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों को काबू कर लिया।
डीसीपी क्राइम नरेंद्र कादियान ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा सामने आया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।







