टोहाना | टोहाना के चंडीगढ़ रोड स्थित बिजली निगम कार्यालय में एक दर्दनाक हादसे में HKRN (हरियाणा कौशल रोजगार निगम) के तहत कार्यरत गांव बुआन निवासी देवेंद्र की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक उपभोक्ता की बिजली शिकायत पर ऑफिसर कॉलोनी में काम करने गया था, जहां काम के दौरान करंट लगने से उसकी जान चली गई।
घायल हालत में देवेंद्र को तुरंत नागरिक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों को चाहिए मुआवजा और नौकरी
HKRN कर्मचारी यूनियन के प्रधान अजय ने मामले पर गहरी चिंता जताते हुए सरकार से मांग की कि मृतक के परिवार को 50 लाख रुपए मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। उन्होंने बताया कि देवेंद्र हर रोज की तरह ड्यूटी पर आया था और यह हादसा उसके काम के दौरान हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही निगम के तमाम कर्मचारी अस्पताल पहुंच गए और शोक व्यक्त किया। परिजन अभी भी सदमे में हैं और प्रशासन से उचित मदद की उम्मीद लगाए हुए हैं।







