हांसी | हरियाणा में अपराध का ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है। अब हांसी की भाटिया कॉलोनी से एक और सनसनीखेज हत्या की खबर सामने आई है, जहां घर में अकेली रह रही एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। महिला का सिर पत्थर से कुचला गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान कविता के रूप में हुई है, जो बीते कुछ वर्षों से पति से विवाद के चलते अपनी मां के साथ मायके में रह रही थी। शुक्रवार को उसकी मां जब घर पहुंची तो खून से लथपथ कविता का शव देखकर दहशत में आ गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने शुरुआती जांच में हत्या के पीछे रंजिश या घरेलू कारणों की आशंका जताई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतका की मां के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और हत्यारे की तलाश के लिए जांच तेज कर दी गई है।







