गोहाना | घरेलू गैस को अवैध रूप से छोटे सिलेंडरों में भरकर बेचने वाले रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। सदर थाना पुलिस और फूड एंड सेफ्टी विभाग की संयुक्त टीम ने गांव सिकंदरपुर माजरा में रेड कर 54 सिलेंडर बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, आरोपी नरेश अपने घर में अवैध तरीके से गैस सिलेंडरों को स्टोर कर, उनसे गैस निकालकर छोटे सिलेंडरों में रिफिल कर बेचता था। पुलिस को इस रैकेट की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद दबिश दी गई।
रेड में पुलिस को 13 बड़े (19 किलो), 40 छोटे (14 किलो) और एक 5 किलो का सिलेंडर मिला है। साथ ही सिलेंडर सील, गैस निकालने की चाबी, गैस चूल्हा, एक कांटा और ऑटो रिक्शा भी बरामद किया गया।
एसीपी ऋषिकांत ने बताया कि आरोपी नरेश को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा, ताकि उससे पूछताछ कर इस अवैध धंधे में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके।







