यमुनानगर | सावन का पहला सोमवार और शिवभक्तों का उत्साह चरम पर! यमुनानगर की सरोजिनी कॉलोनी स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर आज भक्तों से खचाखच भरा रहा। इस मंदिर की खास बात यह है कि यहां एक ही स्थान पर 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के साथ-साथ दुर्लभ पारे (पारद) से बने शिवलिंग की पूजा होती है—जिसे अत्यंत चमत्कारी माना जाता है।
सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लग गया। हर भक्त शिव को जल, दूध, बेलपत्र और शहद अर्पित कर अपनी मनोकामनाएं पूरी करने की प्रार्थना करता दिखा। पूरा मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के नारों से गूंज उठा।
पुजारी केशव शर्मा ने बताया, “सावन और सोमवार की जोड़ी भक्तों के लिए सबसे शुभ मानी जाती है। जो सच्चे मन से शिव को पूजता है, उस पर भोलेनाथ तुरंत कृपा करते हैं।”
प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं और श्रद्धालुओं से संयम और अनुशासन की अपील की है। माना जाता है कि सावन के पहले सोमवार की पूजा विशेष फलदायी होती है।







