चंडीगढ़ | हरियाणा में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। सोमवार सुबह से ही कई जिलों में बादल मंडराने लगे हैं, जबकि भिवानी और सिरसा में हल्की बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया। फरीदाबाद, फतेहाबाद, झज्जर, अंबाला और नारनौल जैसे क्षेत्रों में भी अगले कुछ घंटों में बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग ने राज्य भर में 16 जुलाई तक खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। चंडीगढ़ स्थित भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, राज्य के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और मेवात के लिए यलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया गया है—यहां अचानक तेज बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
HAU हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि मानसून की उत्तरी सीमा फिलहाल सूरतगढ़, भिवानी और डाल्टागंज होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी युक्त हवाएं हरियाणा के मौसम को लगातार प्रभावित कर रही हैं।






