हांसी | रविवार सुबह हांसी में उस वक्त सनसनी फैल गई जब गांव मुजादपुर के पास बरसाती ड्रेन में गिरी एक कार से शव बरामद हुआ। एक राहगीर की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कार को रस्सी से खींचा तो खिड़की से एक टांग बाहर निकल आई, जिससे खुलासा हुआ कि कार में किसी की लाश है।
शव की पहचान गांव डाया निवासी 41 वर्षीय सूरजभान कुमार के रूप में हुई है, जो एक सरकारी स्कूल में कर्मचारी था। पुलिस के मुताबिक, कार ड्रेन में गिर चुकी थी और बाहर से कुछ नजर नहीं आ रहा था। जैसे ही खिड़की से टांग बाहर आई, पुलिस ने कार को रुकवाकर जांच तेज की।
परिजनों ने बताया कि सूरजभान शनिवार से लापता था और उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। प्रारंभिक अनुमान है कि कार अनियंत्रित होकर ड्रेन में जा गिरी। मृतक के तीन छोटे बच्चे हैं। फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और हादसे के पीछे की वजहों की जांच कर रही है।







