पलवल | जिले के गदपुरी थाना क्षेत्र के दहलाका गांव में एक 30 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि प्रॉपर्टी डीलरों द्वारा जबरन जमीन का एग्रीमेंट कराने और जान से मारने की धमकियों से परेशान होकर युवक ने यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी हुई है।
मृतक के भाई नरेश कुमार ने बताया कि उसके भाई विजय सिंह उर्फ बिट्टू को कुछ प्रॉपर्टी डीलरों ने चार कनाल जमीन का जबरन एग्रीमेंट करने पर मजबूर किया था और इसके बदले चैक के जरिए दस लाख रुपये उसके खाते में ट्रांसफर भी कर दिए गए थे, जबकि परिवार जमीन बेचना ही नहीं चाहता था। आरोप है कि डीलर लगातार बिट्टू को रजिस्ट्री करवाने का दबाव बना रहे थे और जान से मारने की धमकी भी दे रहे थे।
नरेश के अनुसार, 9 जुलाई की सुबह डीलर कुछ लोगों के साथ उनके घर आए और धमकियां देकर चले गए। इसके बाद से ही बिट्टू तनाव में था। अगले दिन सुबह जब नरेश पशुओं को चारा डालने गया, तो देखा कि बिट्टू ने छत के हुक से चुन्नी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पलवल भिजवाया गया। जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।







