यमुनानगर | हरियाणा के यमुनानगर जिले में वीरवार शाम पुलिस और बदमाशों के बीच एक मुठभेड़ हो गई। यह झड़प खेड़ी लक्खा सिंह–यमुनानगर मार्ग पर गांव हरनौल के पास हुई। पुलिस जब वाहनों की जांच कर रही थी, तभी उत्तराखंड नंबर की एक कार, जिस पर भाजपा की झंडी लगी थी, मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर गाड़ी में सवार युवक खेतों की ओर भाग निकले।
फायरिंग के बीच पुलिस ने तीन संदिग्धों को धर दबोचा, जबकि दो अन्य युवक खेतों में छिप गए, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने मौके से हथियार भी जब्त किए हैं। फरार बदमाशों की तलाश के लिए खेतों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें ड्रोन और हथियारबंद पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं।
फरार युवकों की तलाश में जुटी पुलिस
जांच के दौरान जब पुलिस ने कार की तलाशी ली, तो उसमें से देसी कट्टा समेत कुछ अन्य हथियार बरामद किए गए। पकड़े गए तीन युवकों से पूछताछ जारी है, जबकि बाकी दो युवकों की तलाश खेतों में जारी है। बताया जा रहा है कि आरोपी टपरा कलां गांव के नजदीक के खेतों में छिपे हुए हैं, जो पानी से भरे गन्ने के खेत हैं।
स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की हिदायत
घटना के बाद डीएसपी राजेश मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे कुछ समय के लिए घरों में ही रहें और खेतों की ओर न जाएं, क्योंकि फरार बदमाश अब भी क्षेत्र में मौजूद हो सकते हैं।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि बदमाशों के पास हथियार हैं, ऐसे में आम जनता सतर्कता बरते और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत स्थानीय थाने को दे।







