पलवल | हरियाणा के पलवल जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (Vigilance Bureau) की गुरुग्राम टीम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. जय भगवान को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई बुधवार देर शाम उनके सरकारी आवास पर की गई।
शिकायत के आधार पर की गई छापेमारी
ब्यूरो को एक शिकायत प्राप्त हुई थी जिसमें आरोप था कि डॉ. जय भगवान एक व्यक्ति से कार्य के बदले नकद रिश्वत की मांग कर रहे थे। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया।
छापेमारी में हुआ बड़ा खुलासा
गिरफ्तारी के तुरंत बाद जब टीम ने डॉ. जय भगवान के सरकारी आवास की तलाशी ली, तो वहां एक अलमारी से अतिरिक्त 3 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह राशि कहां से आई और किस उद्देश्य के लिए रखी गई थी। मामले की जांच जारी है।
इन धाराओं में केस दर्ज
सतर्कता ब्यूरो ने डॉ. जय भगवान के खिलाफ IPC 2023 की धारा 308(2) और भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है। यह केस ब्यूरो के फरीदाबाद थाने में दर्ज हुआ है। आगे की कार्रवाई में आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।







