कैथल | हरियाणा जिले के बरेटा गांव में रविवार शाम गायब हुए दो लड़को की हत्या के सनसनीखेज मामले की गुत्थी आखिरकार सुलझ गई है। 15 वर्षीय प्रिंस और 16 वर्षीय अरमान की लाशें सोमवार सुबह गांव से करीब 5 किलोमीटर दूर धनौरा तालाब के पास मिलीं। दोनों के गले पर धारदार हथियार से किए गए घातक वार के निशान थे।
परिजनों द्वारा मोबाइल लोकेशन ट्रैक करने से मिले सुराग के बाद ग्रामीणों ने तालाब के समीप तलाशी ली, जहां झाड़ियों में दोनों के शव बरामद हुए। घटनास्थल से एक जुगाड़ से बना खतरनाक हथियार भी मिला — बाइक की चेन और लोहे के पाइप से तैयार एक घातक औजार।
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या करने वाले कोई बाहरी नहीं, बल्कि गांव के ही 15-16 वर्ष की उम्र के सात नाबालिग थे। आरोप है कि मृतकों पर लड़कियों से छेड़छाड़ के आरोप लगे थे, जिससे आक्रोशित होकर इन लड़कों ने सुनियोजित तरीके से उन्हें मौत के घाट उतार दिया।
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि हत्या के बाद ये आरोपी किशोर बिल्कुल सामान्य बने रहे और अगले दिन स्कूल भी गए, ताकि उन पर शक न हो।
कैथल सदर थाना SHO मुकेश कुमार ने बताया कि सात आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि दो की तलाश जारी है। इस मामले में गांववालों के सहयोग से पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए हत्या की इस मिस्ट्री को सुलझा लिया।
यह वारदात न केवल समाज में बढ़ती हिंसा को दर्शाती है, बल्कि इस बात की भी चेतावनी है कि किस तरह कम उम्र में अपराध की सोच पनप रही है।







