अंबाला | शहर के पंजोला गांव में गुरुवार सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने अचानक छापेमारी की। समाचार लिखे जाने तक एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन शुरुआती सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई विदेश से संदिग्ध फंडिंग से जुड़े मामले को लेकर की गई है।
इसी कड़ी में हरियाणा के करनाल जिले में भी NIA की टीम ने आज सुबह आरके पुरम स्थित अशोक भाटिया के आवास पर दबिश दी। टीम ने करीब तीन घंटे तक घर की गहन तलाशी ली।
इसके बाद NIA की टीम पुलिस लाइन क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी के आवास पर भी पहुंची, जहां जांच अभी भी जारी है। माना जा रहा है कि ये सभी कार्रवाई एक ही केस से जुड़ी हुई हैं, जिनका संबंध विदेश से आए आर्थिक लेन-देन से है।
जांच एजेंसी की ये ताबड़तोड़ रेड हरियाणा में एक बड़े नेटवर्क के खुलासे की ओर इशारा कर रही है। हालांकि NIA ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।







